वाटरशेड महोत्सव : जल संचयन पर रील बनाएं, इनाम पाएं,सोशल मीडिया प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को 50 हजार तक का पुरस्कार

हाथोर समाचार,सूरजपुर। भारत सरकार के भूमि संसाधन विभाग द्वारा राज्य सरकार के सहयोग से प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना जलक्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय स्तर पर वाटरशेड महोत्सव मनाया जा रहा है। राज्य भर में 19 नवंबर से 19 दिसंबर तक जल संरक्षण आधारित विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सूरजपुर जिले के प्रतापपुर व भैयाथान जनपद क्षेत्र के जलग्रहण समिति ग्रामों में 10 दिसंबर 2025 को जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार जल संरक्षण को जन–जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से स्कूलों और ग्राम पंचायतों में रंगोली प्रतियोगिता, पानी की पाठशाला, श्रमदान, प्रभात फेरी सहित कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। भूमि पूजन और लोकार्पण के माध्यम से समुदाय को जल संरचनाओं के महत्व से भी अवगत कराया जाएगा।

जागरूकता बढ़ाना है मुख्य उद्देश्य

जिले में वाटरशेड महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य है, श्रमदान, लोकगीत, भित्तिचित्र और विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से जल संरक्षण के महत्व पर व्यापक जनजागरूकता फैलाना। इसके तहत राज्य स्तरीय सोशल मीडिया प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है, जिसमें विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार मिलेंगे।

राज्य स्तर पर 4 विजेताओं को 50–50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही 100 फोटोग्राफी विजेताओं को 1–1 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। पुरस्कार चयन हेतु 4 रीलों में से 3 रीलें जल संचयन से संबंधित परियोजना क्षेत्र में और 1 रील बागवानी या कृषि–वानिकी गतिविधियों पर आधारित होना आवश्यक है।

ऐसे बनाएं रील और जीतें इनाम

प्रतिभागियों को 30 से 60 सेकंड की रील तथा कैप्शन सहित फोटो सामग्री तैयार करनी होगी। रील का विषय निम्न जल संरचनाओं और उनके लाभ पर आधारित होना चाहिए।
नाला बांध, स्टॉपडैम, तालाब, डबरी, सामुदायिक तालाब, लूज बोल्डर संरचना, खेत तालाब तथा अन्य जल संरक्षण संरचनाएँ।

प्रतिभागी अपनी रील को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर 31 जनवरी 2026 तक संबंधित स्कीम पोर्टल पर अपलोड करेंगे।

पंजीकरण ऐसे करें

प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों को पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा।
पंजीकरण के दौरान सोशल मीडिया पोस्ट लिंक अपलोड करना अनिवार्य है। पंजीकरण सफल होने पर प्रतिभागी को पुष्टि मेल भेजा जाएगा।

अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 शाम 6 बजे निर्धारित है। इसके बाद अपलोड की गई प्रविष्टियाँ स्वीकार नहीं होंगी।

रील पोस्ट करते समय इन टैग का करें उपयोग

प्रतिभागियों को अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में निम्न हैशटैग अनिवार्य रूप से लगाने होंगे।

WDC-PMKSY

WatershedMahotsav2025

प्रतियोगिता से जुड़ी विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग