हाथोर समाचार,प्रतापपुर। धान खरीदी में रकबा कटौती और अव्यवस्था के खिलाफ प्रतापपुर में हुए किसानों के उग्र आंदोलन का सीधा प्रभाव जिला प्रशासन पर पड़ा है। शुक्रवार के व्यापक विरोध और जनप्रतिनिधियों की कड़ी टिप्पणी के बाद कलेक्टर सूरजपुर ने शनिवार देर शाम सभी तहसीलों में एकीकृत किसान पोर्टल पर छूटे खसरों का 9 दिसंबर तक शत-प्रतिशत सत्यापन कराने का आदेश जारी किया है।

आदेशानुसार सूरजपुर, प्रेमनगर, रामानुजनगर, ओड़गी, भटगांव, प्रतापपुर, लटोरी और जयनगर में संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। नोडल अधिकारियों को रोजाना प्रगति रिपोर्ट भेजने और किसानों से संपर्क कर छूटे खसरों को तत्काल पोर्टल में जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
कांग्रेस महामंत्री शिव भजन मरावी सहित कई नेताओं ने आंदोलन में प्रशासन को अल्टीमेटम दिया था। कार्रवाई से किसानों में आंशिक संतोष है, पर उनकी नजर अब 9 दिसंबर की तय समयसीमा पर टिकी हुई है।



