अम्बिकापुर में जीएसटी विभाग की बड़ी कार्रवाई, नवीन इंजिनियरिंग में दिनभर चली छापेमारी

हाथोर समाचार,अम्बिकापुर। शहर के व्यस्त एमजी रोड स्थित नवीन इंजिनियरिंग संस्थान में जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापामार जांच की। यह कार्रवाई सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई, जो देर रात तक लगातार चलती रही। जीएसटी विभाग के अधिकारियों की टीम ने संस्थान में पहुंचकर टैक्स से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की और आवश्यक जानकारियां एकत्र कीं।

बताया जा रहा है कि नवीन इंजिनियरिंग संस्थान मशीन मैन्युफैक्चरिंग के साथ-साथ विभिन्न सरकारी विभागों में मशीन एवं अन्य सामग्री की आपूर्ति का कार्य करता है। इसी क्रम में जीएसटी अधिकारियों द्वारा लेन-देन, टैक्स भुगतान, इनपुट टैक्स क्रेडिट और बिलिंग से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की गई।

कार्रवाई के दौरान जीएसटी विभाग ने संस्थान से बड़ी मात्रा में बिल, वाउचर एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ-साथ कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए हैं, जिन्हें जांच के लिए अपने साथ ले जाया गया। हालांकि जीएसटी अधिकारियों ने मीडिया को कोई ठोस जानकारी देने से इनकार करते हुए कहा कि यह एक नियमित और रूटीन प्रक्रिया है तथा जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

उल्लेखनीय है कि अम्बिकापुर में बीते कुछ दिनों से जीएसटी विभाग द्वारा लगातार व्यापारिक संस्थानों पर कार्रवाई की जा रही है, जिससे व्यापार जगत में हलचल का माहौल बना हुआ है।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग

WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें