अवैध रेत परिवहन पर कलेक्टर की सख्ती, ओवरटेक करते पकड़ा गया मिनी ट्रक, वाहन जब्त

हाथोर समाचार,सूरजपुर। अंबिकापुर–मनेंद्रगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब रेत से लदे एक मिनी ट्रक चालक की लापरवाही और नियमों की अनदेखी पर सीधे जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई हुई। मिनी ट्रक चालक बार-बार ओवरटेक करते हुए आगे निकलने की कोशिश कर रहा था, जिससे सड़क सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो रहा था। संयोग से उसी मार्ग से गुजर रहे कलेक्टर एस. जयवर्धन ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए वाहन का पीछा किया और ग्राम पंचायत अजबनगर के पास ट्रक को रुकवाया।

कलेक्टर ने मौके पर ही माइनिंग विभाग और जयनगर पुलिस को बुलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच के दौरान यह सामने आया कि मिनी ट्रक में लदी रेत अवैध रूप से परिवहन की जा रही थी। वाहन के चालक के पास रेत परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज मौजूद नहीं थे। इसके अलावा, चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं पाया गया, जो यातायात नियमों का खुला उल्लंघन है।

जानकारी के अनुसार मिनी ट्रक क्रमांक सीजी 15 ई एच-1768 का चालक सूरजपुर जिले के पार्वतीपुर निवासी अमन तिर्की है। वह जयनगर के कांसापारा रेत घाट से अवैध रूप से लगभग 5 घन मीटर रेत लोड कर अंबिकापुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बार-बार ओवरटेक कर वह कलेक्टर के वाहन के सामने जोखिमपूर्ण तरीके से आगे निकलने का प्रयास कर रहा था, जिसे देखते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया गया।

कलेक्टर के निर्देश पर माइनिंग अमले ने रेत को अवैध घोषित करते हुए वाहन को जब्त किया। पुलिस और यातायात विभाग की संयुक्त जांच में चालक के पास वैध लाइसेंस न होने की पुष्टि होने पर मिनी ट्रक को जयनगर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और बिना दस्तावेज परिवहन पर किसी भी स्तर पर सख्ती बरती जाएगी। साथ ही, सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ त्वरित और कठोर कदम उठाए जाएंगे, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके और आमजन की सुरक्षा बनी रहे।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग