हाथोर समाचार, जशपुर । जिले में एटीएम लूट की एक बड़ी साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। कुनकुरी क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को उखाड़कर ले जाने का प्रयास किया जा रहा था। यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर स्थित एटीएम बूथ की है, जहां बीती रात पुलिस की नियमित गश्त ने बड़ी वारदात को होने से रोक लिया।

जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच अज्ञात बदमाश एक पिकअप वाहन से कुनकुरी स्थित पीएनबी एटीएम बूथ पहुंचे। वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे कर उसे निष्क्रिय कर दिया। इसके बाद एटीएम मशीन को रस्सी से बांधकर पिकअप वाहन की मदद से उखाड़ने की कोशिश की गई।
इसी दौरान रात्रि गश्त पर निकली पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। पीछा किए जाने पर बदमाशों ने पिकअप वाहन में पहले से रखे पत्थरों से पुलिस वाहन पर पथराव किया, जिससे वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, इस घटना में किसी भी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई। बदमाश तपकरा की ओर फरार हो गए और कुंजारा जंगल के पास पिकअप वाहन (क्रमांक JH 07 E 9167) छोड़कर मौके से भाग निकले। वे एटीएम से कोई रकम निकालने में सफल नहीं हो सके।
इस संबंध में एसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस की नियमित और सघन रात्रि गश्त के चलते एक बड़ी एटीएम लूट टल गई। आरोपियों ने सुनियोजित ढंग से घटना को अंजाम देने का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस की तत्परता से वे असफल रहे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया है। छोड़े गए पिकअप वाहन की बारीकी से जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



