बिट्टू सिंह राजपूत@अंबिकापुर, 25 मार्च 2026। उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी खुशखबरी है। अंबिकापुर स्थित मां महामाया एयरपोर्ट से 30 मार्च से दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी विमान सेवा शुरू होने जा रही है। इस सेवा के शुरू होने से सरगुजा संभाग की कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
उड़ान सेवा शुरू होने से पहले कलेक्टर अजीत वसंत ने एयरपोर्ट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने टर्मिनल भवन, रनवे, सुरक्षा जांच क्षेत्र और यात्री सुविधाओं को देखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उड़ान शुरू होने से पहले सभी तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली जाएं।
इसके साथ ही एयरपोर्ट तक पहुंचने वाले मार्ग और पार्किंग व्यवस्था को भी बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एलायंस एयर संचालित करेगी उड़ानें
इन उड़ानों का संचालन एलायंस एयर द्वारा किया जाएगा। यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और लोग ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं।
फ्लाइट शेड्यूल (सप्ताह में 4 दिन)
दिल्ली रूट (सोमवार, बुधवार)
सोमवार: सुबह 11:35 बजे आगमन, दोपहर 12:00 बजे दिल्ली प्रस्थान
बुधवार: सुबह 10:25 बजे आगमन, दोपहर 12:00 बजे दिल्ली प्रस्थान
कोलकाता रूट (गुरुवार, शनिवार)
गुरुवार: सुबह 08:50 बजे आगमन, 09:15 बजे प्रस्थान
शनिवार: सुबह 10:00 बजे आगमन, 10:25 बजे प्रस्थान
क्षेत्रीय विकास को मिलेगा बड़ा लाभ
दिल्ली और कोलकाता जैसे बड़े शहरों से सीधा जुड़ाव होने से सरगुजा संभाग को कई फायदे मिलेंगे। मैनपाट जैसे पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी।
इसके अलावा व्यापारियों, छात्रों और मरीजों के लिए बड़े शहरों तक पहुंच आसान हो जाएगी, जिससे समय और लागत दोनों की बचत होगी।



