डीडीए की ‘कर्मयोगी आवास योजना’ शुरू, सरकारी कर्मचारियों को फ्लैट पर 25% छूट, किफायती दरों पर मिलेगा अपना घर, 26 मार्च से शुरू होगी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया

नई दिल्ली, 26 मार्च 2026। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने सरकारी कर्मचारियों के ‘अपने घर’ के सपने को साकार करने के उद्देश्य से ‘कर्मयोगी आवास योजना’ की शुरुआत की है। रामनवमी के अवसर पर लॉन्च की गई इस योजना के तहत पात्र आवेदकों को रियायती दरों पर फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस योजना का लाभ केवल वर्तमान में कार्यरत और सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों को ही मिलेगा। पात्रता के दायरे में केंद्र और राज्य सरकार के विभागों के साथ-साथ सरकारी बैंक, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (PSUs), विश्वविद्यालयों और स्वायत्त संस्थानों के कर्मचारी भी शामिल हैं।

योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि सभी श्रेणी के फ्लैट्स पर सीधे 25 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। डीडीए के अनुसार, ये सभी फ्लैट आधुनिक सुविधाओं से युक्त और मजबूत निर्माण गुणवत्ता वाले हैं।

यह फ्लैट्स नरेला के पॉकेट-6 में स्थित हैं, जो तेजी से विकसित हो रहा एक प्रमुख रिहायशी क्षेत्र बनता जा रहा है। इलाके की कनेक्टिविटी भी बेहतर है, क्योंकि यह UER-II और जी.टी. करनाल रोड के पास स्थित है। साथ ही प्रस्तावित रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण से यहां से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों तक आवागमन और आसान हो जाएगा।

डीडीए का कहना है कि नरेला अब एक उभरते एजुकेशन हब के रूप में विकसित हो रहा है, जिससे इस क्षेत्र में आवास की मांग भी तेजी से बढ़ रही है।

26 मार्च से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
इस योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया 26 मार्च दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा और यह योजना आम जनता के लिए नहीं है।

कैसे करें आवेदन?
इच्छुक आवेदक डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान पैन कार्ड, आधार कार्ड और सेवा या सेवानिवृत्ति का प्रमाण (जैसे सर्विस आईडी या पीपीओ) आवश्यक होगा।

लॉग-इन करने के बाद ‘कर्मयोगी आवास योजना’ विकल्प चुनकर व्यक्तिगत एवं विभागीय जानकारी भरनी होगी। इसके बाद पसंदीदा फ्लैट का चयन कर निर्धारित बुकिंग राशि का ऑनलाइन भुगतान करना होगा।

डीडीए ने स्पष्ट किया है कि यह योजना ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर संचालित हो सकती है, इसलिए आवेदकों को समय पर आवेदन करने की सलाह दी गई है ताकि वे अपनी पसंद की लोकेशन पर फ्लैट सुनिश्चित कर सकें।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग