हाथोर समाचार, सूरजपुर। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर बीरपुर स्थित बारहमिल हनुमान मंदिर में भक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर जय श्री राम और जय बजरंगबली के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।


भटगांव विधायक एवं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और भगवान हनुमान से प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूरा वातावरण श्रद्धा और आस्था के रंग में सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजवाड़े का सहज और आत्मीय रूप भी सामने आया। उन्होंने भंडारे में स्वयं प्रसाद वितरण किया, लोगों के बीच बैठकर संवाद किया और उनकी कुशलक्षेम जानी। यह दृश्य किसी औपचारिक कार्यक्रम की बजाय एक पारिवारिक मिलन जैसा प्रतीत हुआ, जहां अपनापन साफ झलक रहा था।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हनुमान जी केवल शक्ति और भक्ति के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि सेवा, समर्पण और निस्वार्थ भाव के सर्वोच्च आदर्श भी हैं। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में सहयोग और सद्भाव की भावना को मजबूत करना चाहिए।
मंत्री ने आगे कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने कामना की कि हनुमान जी की कृपा से हर घर में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे।
कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालुओं के चेहरों पर प्रसाद के साथ-साथ मंत्री के सरल व्यवहार की मिठास भी साफ दिखाई दी। बुजुर्गों ने आशीर्वाद दिया, युवाओं ने उत्साह जताया और महिलाओं ने इस आत्मीय सहभागिता की सराहना की।
हनुमान जन्मोत्सव का यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह दिन आस्था के साथ-साथ जनसेवा और मानवीय संवेदनाओं की एक जीवंत मिसाल बनकर उभरा।



