बिट्टू सिहं राजपूत ,सूरजपुर। छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव में कांग्रेस द्वारा टिकट वितरण के बाद असंतोष और इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। नगर पंचायत जरही में अध्यक्ष और पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी होने के कुछ घंटे बाद कांग्रेस की नगर इकाई के कई पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया है, जिससे पार्टी के लिए नई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं।

सूत्रों के अनुसार, नगर पंचायत जरही के पूर्व अध्यक्ष स्व. बीजू दासन की पत्नी निशा बीजू दासन ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष को पत्र लिखकर अपना इस्तीफा सौंप दिया है। इस पत्र में उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का उल्लेख किया है। हालांकि, पार्टी ने उन्हें वार्ड 12 से पार्षद पद का प्रत्याशी बनाया था। बताया जा रहा है कि पार्टी द्वारा अध्यक्ष पद के लिए प्रेम राजवाड़े को प्रत्याशी बनाए जाने से वह नाराज थीं, जबकि निशा बीजू दासन इस पद पर अपने पसंदीदा उम्मीदवार को मैदान में उतारना चाहती थीं।
ब्लॉक मीडिया प्रभारी ने भी लिखा इस्तीफा
वहीं नगर पंचायत जरही निवासी जमुना प्रसाद गुप्ता, जो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी प्रतापपुर के मीडिया प्रभारी के रूप में चार वर्षों से अपनी भूमिका निभा रहे थे, इन्होंने भी निशा बीजू दासन के इस्तीफा के बाद पार्टी के पद से इस्तीफा दे दिया है। गुप्ता का यह कदम कांग्रेस पार्टी के लिए नई चुनौती बन सकता है।

कांग्रेस के इस्तीफों की वजह से जरही में चुनावी माहौल गर्म हो गया है। राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, और अब यह देखना दिलचस्प होगा कि निशा बीजू दासन के साथ और कितने कार्यकर्ता पार्टी छोड़ते हैं। कांग्रेस के लिए यह स्थिति आगामी चुनाव में रणनीति और स्थिति को प्रभावित कर सकती है।