प्रतापपुर में नगर सरकार भाजपा की, अखबार बांटने वाले की पत्नी मानती सिहं बनीं अध्यक्ष

बिट्टू सिहं राजपूत ,सूरजपुर। प्रतापपुर नगर पंचायत में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की है, और अखबार बांटने वाले की पत्नी मानती सिंह नगर अध्यक्ष बनी हैं। शनिवार को हुई मतगणना में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी मानमती पैंकरा को 318 मतों से पराजित कर दिया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने अध्यक्ष सहित सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को प्रमाण पत्र वितरित किए।

मतगणना और चुनाव परिणाम

मतगणना कन्या हाईस्कूल में हुई, जहां सुबह से ही दोनों दलों के कार्यकर्ता और प्रत्याशियों के समर्थक एकत्रित हो गए थे। जैसे-जैसे परिणाम सामने आते गए, विजयी प्रत्याशियों के समर्थक आतिशबाजी कर खुशी मनाते और मिठाइयां बांटते नजर आए। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की मानती सिंह और कांग्रेस की मानमती पैंकरा के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें भाजपा प्रत्याशी विजयी रहीं।

मानती सिंह वर्तमान पार्षद योगेंद्र सिंह की पत्नी हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण योगेंद्र सिंह पिछले दस वर्षों से अधिक समय से अखबार बांटने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पार्षद रहते हुए संगठन में अपनी जगह बनाई और नगर अध्यक्ष की सीट आदिवासी महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने के बाद भाजपा ने उनकी पत्नी मानती सिंह को उम्मीदवार बनाया।

भाजपा और कांग्रेस की रैलियां

चुनाव परिणाम के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ नगर में विजयी जुलूस निकाला, जबकि कांग्रेस ने भी अपने निर्वाचित पार्षदों के साथ रैली निकालकर जीत का जश्न मनाया। मतगणना प्रक्रिया रिटर्निंग ऑफिसर एवं एसडीएम ललिता भगत की देखरेख में संपन्न हुई और सुरक्षा की दृष्टि से बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।

पार्षद चुनाव में बड़े चेहरे

नगर पंचायत चुनाव में कई प्रमुख चेहरे भी पार्षद चुनाव लड़े। भाजपा से पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अजीत शरण सिंह, मंडल अध्यक्ष मुकेश तायल, और कांग्रेस से पूर्व पार्षद मासूम इराकी जीतकर आए। वहीं, वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष कंचन सोनी, पूर्व उपाध्यक्ष हेमंत खैरवार, और पूर्व पार्षद हरिशंकर गर्ग को हार का सामना करना पड़ा।

रोमांचक रहा वार्ड नंबर चार का चुनाव

वार्ड नंबर चार में भाजपा के मुकेश तायल और कांग्रेस की कंचन सोनी के बीच बराबर वोट मिले। ऐसे में निर्वाचन आयोग ने उनकी सहमति से चिट निकालकर फैसला किया, जिसमें मुकेश तायल विजयी घोषित हुए।

भाजपा और कांग्रेस के विजयी पार्षद

भाजपा ने सात वार्डों में जीत दर्ज की, जिनमें नीलम श्रीवास्तव (वार्ड 1), मुकेश अग्रवाल (वार्ड 4), सीता पैंकरा (वार्ड 7), नवीन नाविक (वार्ड 9), अजीत शरण सिंह (वार्ड 11), सौरभ मानिकपुरी (वार्ड 12), और लालमन पैंकरा (वार्ड 13) शामिल हैं।

वहीं, कांग्रेस ने आठ वार्डों में जीत दर्ज की, जिनमें विरसाय गोंड (वार्ड 2), मासूम इराकी (वार्ड 3), नसीमा बानो (वार्ड 5), ममता सोनी (वार्ड 6), विजय नायक (वार्ड 8), प्रियंकल तिवारी (वार्ड 10), दुर्योधन गुड्डू (वार्ड 14), और हीरामुनि एक्का (वार्ड 15) शामिल हैं।

उपाध्यक्ष पद के लिए जोड़-तोड़ शुरू

नवनिर्वाचित परिषद में भाजपा के सात और कांग्रेस के आठ पार्षद हैं, जिससे उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस की संभावना अधिक मजबूत नजर आ रही है। हालांकि, भाजपा भी रणनीति बनाने में जुट गई है।

भाजपा से अजीत शरण सिंह को उपाध्यक्ष पद का उम्मीदवार माना जा रहा है, जबकि कांग्रेस से ममता सोनी और मासूम इराकी के नाम चर्चा में हैं। ममता सोनी वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष कंचन सोनी की पत्नी हैं और पहले भी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुकी हैं। वहीं, मासूम इराकी दूसरी बार पार्षद बने हैं और उनके परिवार से लगातार तीन बार से पार्षद चुने जाते रहे हैं।

अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नगर पंचायत में उपाध्यक्ष पद पर किसकी जीत होगी।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग

WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें