सरगुजा ।अंबिकापुर नगर निगम के नव-निर्वाचित महापौर मंजूषा भगत और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन पीजी कॉलेज हॉकी स्टेडियम में किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित कई विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दीं और नगर निगम के विकास का भरोसा दिलाया।
“जनता के विश्वास पर खरा उतरेगा नगर निगम”
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि जनता ने भाजपा सरकार पर भरोसा जताया है और उनकी सरकार इस भरोसे को बनाए रखेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर निगम के विकास की जिम्मेदारी सरकार उठाएगी। साथ ही, उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में कांग्रेस नगर निगम का सही तरीके से विकास नहीं कर पाई, जिसके चलते जनता ने उन्हें नकार दिया।
गंगाजल शुद्धिकरण पर मुख्यमंत्री का बयान
अंबिकापुर नगर निगम को गंगाजल से शुद्धिकरण किए जाने के बयान पर उठे विवाद को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हिंदू परंपराओं के अनुसार गंगाजल से शुद्धिकरण करना एक सामान्य धार्मिक प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी शुभ कार्य से पहले ऐसा किया जाता है और इसे लेकर विवाद नहीं होना चाहिए।
“शहर की समस्याओं के समाधान पर रहेगा फोकस“
शपथ ग्रहण के बाद नव-निर्वाचित महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि शहर की मूलभूत समस्याओं पर तत्काल ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने रोड किनारे बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट्स को जल्द चालू कराने और नगर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों को 15 दिनों के भीतर कार्य प्रणाली में सुधार लाने के निर्देश देने की बात कही। इसके अलावा, गर्मी के मौसम को देखते हुए जल संकट से निपटने के लिए एक विशेष योजना भी तैयार कर ली गई है, जिससे नगरवासियों को पेयजल की समस्या न हो।
कांग्रेस पार्षदों की गैरमौजूदगी
इस समारोह में कांग्रेस के 15 पार्षद शामिल नहीं हुए, जिससे राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा की नगर निगम सरकार के कामकाज को लेकर कांग्रेस आने वाले दिनों में किस तरह की रणनीति अपनाती है।