बिट्टू सिंह राजपूत , सूरजपुर । हिंदू नव वर्ष और राम नवमी के प्रथम दिवस पर जिले भर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इसी क्रम में विभिन्न स्थानों पर हिंदू संगठनों द्वारा भक्ति कार्यक्रम और शोभायात्राओं का आयोजन किया गया। प्रेमनगर विधायक के निज निवास पटना में रामायण प्रतियोगिता की भव्य शुरुआत की गई, जिसमें गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई।


यह चार दिवसीय कार्यक्रम है, जिसकी शुरुआत सुबह 10 बजे सैकड़ों मानस प्रेमियों और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कलश यात्रा से हुई। इसके बाद रामायण प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह प्रतियोगिता 2 अप्रैल तक चलेगी, जिसमें विभिन्न स्थानों से आए मानस मंडलियां अपनी प्रस्तुतियां देंगी।

इस प्रतियोगिता का आयोजन विधायक भूलन सिंह मरावी के प्रयासों से किया जा रहा है। यह न केवल क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण को बढ़ावा देता है, बल्कि प्रतिभागी मानस प्रेमियों को गायन, वादन और कला प्रदर्शन का मंच भी प्रदान करता है। साथ ही, श्रोता भक्तिमय ज्ञान और आध्यात्मिकता का रसास्वादन कर रहे हैं।
हर दिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम के लिए विधायक की ओर से समुचित और सुदृढ़ व्यवस्था की गई है। प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए विधायक प्रतिनिधि संत साहू, विजय सिंह, महादेव सिंह, दरोगा सिंह, सागर सिंह, गौलेश सिंह, संतोष साहू, सुभाष साहू और कवल सिंह समेत कई कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।
इस भव्य आयोजन से क्षेत्र के लोगों में धार्मिक उत्साह और भक्ति भावना जागृत हुई है। श्रद्धालुओं ने रामायण पाठ और भजन-कीर्तन का आनंद लिया, जिससे वातावरण भक्तिमय बन गया। यह कार्यक्रम धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक समरसता का प्रतीक बनकर उभरा है, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति प्राप्त हो रही है।