रायपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइटों की देरी से हंगामा , कई उड़ानें रद्द , यात्रियों में नाराज़गी चरम पर

रायपुर, 04 दिसंबर 2025। रायपुर एयरपोर्ट पर आज इंडिगो एयरलाइंस की कई फ्लाइटों के घंटों देरी से उड़ान भरने और कुछ के रद्द होने के कारण यात्रियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बैंगलोर, दिल्ली, चेन्नई और कोलकाता जाने वाली दोपहर की कई उड़ानें समय पर रवाना नहीं हो पाईं, जिसके चलते सैकड़ों यात्री लंबे समय तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे।

यात्रियों का कहना है कि इंडिगो एयरलाइंस द्वारा फ्लाइट डिले या कैंसिल होने की समय पर जानकारी न देने से उनकी परेशानी और बढ़ गई। अचानक से हुई देरी की सूचना मिलने पर यात्री वेटिंग एरिया में जमा हो गए और कुछ ने एयरपोर्ट प्रशासन एवं एयरलाइंस के अधिकारियों से नाराज़गी भी जताई। कई यात्रियों को अपने महत्वपूर्ण कामों, मीटिंग्स और आगे की यात्राओं में बाधा का सामना करना पड़ा।

स्थिति बिगड़ती देख एयरपोर्ट प्रबंधन ने अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर हालात नियंत्रित करने की कोशिश की। बावजूद इसके फ्लाइटों में हो रही लगातार देरी के कारण माहौल तनावपूर्ण बना रहा। यात्रियों का कहना है कि बिना उचित सूचना के घंटों इंतज़ार कराना एयरलाइंस की गंभीर लापरवाही है।

इंडिगो एयरलाइंस की ओर से अभी तक इस संबंध में आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, नाराज़ यात्री सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा कर एयरलाइन संचालन की पारदर्शिता और समयबद्धता पर सवाल उठा रहे हैं।

यात्रियों की मांग है कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए एयरलाइंस समय पर सूचना प्रदान करे और देरी से होने वाली असुविधाओं के लिए यात्रियों को आवश्यक सहायता और सुविधा उपलब्ध कराई जाए। आज की घटना ने राजधानी रायपुर के प्रमुख एयरपोर्ट पर हवाई सेवाओं की व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग