हाथोर समाचार,बलरामपुर। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज श्री दीपक कुमार झा (आईपीएस) के नेतृत्व में बलरामपुर जिले के हरितिमा फॉरेस्ट रेस्ट हाउस, राजपुर में संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सरगुजा संभाग के कोरिया, जशपुर, एमसीबी, सरगुजा, सूरजपुर एवं बलरामपुर जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं न्यायालयों में कार्यरत लोक अभियोजन अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक के दौरान आईजी सरगुजा द्वारा संभाग के विभिन्न जिलों में दर्ज कुल 709 दोषमुक्ति प्रकरणों पर गहन चर्चा की गई। इनमें सेशन कोर्ट के 128 तथा लोअर कोर्ट के 581 प्रकरण शामिल रहे। उन्होंने विशेष रूप से उन मामलों पर चिंता व्यक्त की, जिनमें अग्रिम जमानत निरस्त होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। ऐसे प्रकरणों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही विवेचना में पाई जाने वाली त्रुटियों को सुधारने तथा अभियोजन अधिकारियों से समन्वय कर गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
आईजी सरगुजा ने संभाग के सभी जिलों की कानून व्यवस्था, लंबित अपराध, लंबित शिकायतें, मर्ग प्रकरण एवं एनडीपीएस एक्ट के मामलों की जिलेवार समीक्षा की। उन्होंने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित पुलिस अधीक्षकों को स्वयं पर्यवेक्षण कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अंतरराज्यीय गिरोहों, कोरियर कंपनियों तथा नशीली दवाओं की सप्लाई चेन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने, संपत्ति कुर्की एवं फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन पर जोर दिया। इसी तरह गौ तस्करी के मामलों में तस्करों के पूरे नेटवर्क के विरुद्ध कार्रवाई कर जप्त वाहनों के राजसात की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
लंबित साइबर अपराधों, म्यूल अकाउंट, पीओएस तथा ऑनलाइन शिकायतों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कुल 105 लंबित साइबर अपराध मामलों के शीघ्र निराकरण एवं म्यूल अकाउंट धारकों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा में बताया गया कि वर्ष 2024 की तुलना में 2025 में सड़क दुर्घटनाओं एवं मृतकों की संख्या में कमी आई है। इसके बावजूद आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग हेतु जागरूक करने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सरगुजा रेंज के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, लोक अभियोजन अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



