अंबिकापुर। शहर के नया बस स्टैंड क्षेत्र स्थित शिवम होटल पर औषधि एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचने के मामले का खुलासा किया है। शिकायत के आधार पर की गई छापेमारी में करीब ₹1.5 लाख मूल्य की समाप्त अवधि वाली खाद्य सामग्री जब्त की गई।

जांच के दौरान टीम को कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं, जिनमें खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन प्रमुख रूप से शामिल है। अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से होटल का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। साथ ही संचालक पर ₹25,000 का जुर्माना भी लगाया गया है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, शहर में पिछले दो दिनों से लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत उन प्रतिष्ठानों पर विशेष नजर रखी जा रही है जो खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं आम नागरिकों में खाद्य सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ी है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



