नंदकुमार कुशवाहा@बलरामपुर-रामानुजगंज। रक्षित केंद्र बलरामपुर में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों में बेहतर अनुशासन, उत्तम टर्नआउट और शारीरिक फिटनेस सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जनरल परेड का आयोजन किया गया। परेड का निरीक्षण वैभव बैंकर, पुलिस अधीक्षक, बलरामपुर-रामानुजगंज जिला द्वारा किया गया।

जनरल परेड में कुल 52 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए, जिनमें 01 रक्षित निरीक्षक, 01 निरीक्षक, 03 उप निरीक्षक, 03 सहायक उप निरीक्षक, 09 प्रधान आरक्षक तथा 35 आरक्षक सम्मिलित रहे। परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों के अनुशासन, शारीरिक फिटनेस तथा टर्नआउट का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने परेड की ड्रिल, वेशभूषा, साज-सज्जा एवं समग्र अनुशासन स्तर की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस बल की कार्यकुशलता का आधार अनुशासन, फिटनेस और सुदृढ़ टर्नआउट है। नियमित परेड और शारीरिक प्रशिक्षण से न केवल कार्य क्षमता बढ़ती है, बल्कि आपात परिस्थितियों में त्वरित व प्रभावी प्रतिक्रिया भी सुनिश्चित होती है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को दैनिक व्यायाम, स्वच्छ व निर्धारित वर्दी तथा समयपालन का पालन करने पर विशेष बल दिया।
परेड में उत्कृष्ट टर्नआउट और अनुकरणीय अनुशासन पाए जाने पर 05 महिला एवं पुरुष कर्मचारियों को उत्साहवर्धन हेतु प्रशंसा इनाम से पुरस्कृत किया गया। इस पहल से पुलिस कर्मियों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और मनोबल में वृद्धि देखने को मिली। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक ने भविष्य में भी ऐसे नियमित आयोजनों के माध्यम से बल की दक्षता और अनुशासन बनाए रखने की बात कही।



