रामानुजगंज (नंदकुमार कुशवाहा)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने रामानुजगंज नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल को भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ का प्रदेश सह–संयोजक नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से क्षेत्र के व्यापारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। संगठन का मानना है कि उनके अनुभव से व्यापार प्रकोष्ठ को नई दिशा मिलेगी।

रमन अग्रवाल पिछले तीन दशकों से भाजपा से जुड़े हुए हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से की, जहाँ वे महाविद्यालय छात्र संघ अध्यक्ष रहे। उनकी संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए उन्हें भाजपा युवा मोर्चा में कई जिम्मेदारियाँ मिलीं और मात्र 22 वर्ष की उम्र में भाजपा मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
वर्ष 2004 में जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित होने के बाद वे नगर निकाय राजनीति में भी सक्रिय रहे। वे दो बार नगर पंचायत अध्यक्ष चुने गए और वर्तमान में रामानुजगंज नगर पालिका अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। अपने कार्यकाल में उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के साथ ही संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रदेश सह–संयोजक नियुक्ति से पूर्व वे भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ में सरगुजा संभाग प्रभारी और जशपुर विधानसभा प्रभारी के दायित्व संभाल रहे थे। नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे संगठन के भरोसे पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
रमन अग्रवाल की नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं में विश्वास जताया जा रहा है कि व्यापार प्रकोष्ठ और अधिक मजबूत होगा और संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आएगी।



