हाथोर समाचार,सूरजपुर। जिले में शिक्षा-व्यवस्था को लेकर हुए उग्र प्रदर्शन के बाद पुलिस ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज कर ली है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) की लिखित शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने एक नामजद सहित 50 अज्ञात प्रदर्शनकारियों को आरोपी बनाया है।

शिकायत के अनुसार, बीते शुक्रवार को कलेक्टरेट घेराव के दौरान प्रदर्शन कर रहे ABVP कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय के मुख्य गेट में तोड़फोड़ की थी। मेन गेट पर लगे ग्रिल को क्षतिग्रस्त किया गया, पुलिस ने मामले में BNS की धारा 190, 191 और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। कोतवाली पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है।
क्या है पूरा मामला?
कुछ दिन पहले जिले के एक निजी स्कूल में KG-2 के एक बच्चे को रस्सी से पेड़ में बांधने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। घटना ने पूरे जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश फैला दिया। इसी के विरोध में ABVP ने शुक्रवार को बड़ा प्रदर्शन किया था।
सूरजपुर, प्रतापपुर, भैयाथान, ओड़गी, रामानुजनगर, विश्रामपुर, सलका-खोपा, बिहारपुर, डांडकरवां, धरमपुर, बुंदिया, जरही और भैसाखमुण्डा सहित विभिन्न इकाइयों से आए 250 से अधिक कार्यकर्ताओं ने DEO कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की हुई, इसी बीच मुख्य दरवाजे का ग्रिल टूट गया।
ABVP ने जिले में ऐसे निजी स्कूलों की मान्यता रद्द करने की मांग की है, जो NEP और RTE नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं ।फिलहाल पुलिस मामले जांच कर रही है।



