अटल परिसर लोकार्पण से पहले भाजपा की गुटबाजी फिर आई सामने ,नगर पंचायत के कार्यक्रम में अतिथियों के चयन पर उठे सवाल, गुटबाजी की चर्चा तेज

हाथोर समाचार,सूरजपुर। जिले के नगर पंचायत जरही में लगभग 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल परिसर का लोकार्पण 25 दिसंबर को प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री है । दोनों ही वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे, जबकि स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन नगर पंचायत द्वारा किया जा रहा है। लोकार्पण कार्यक्रम के लिए जारी आमंत्रण पत्र में क्षेत्रीय विधायक, नगर पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष को विशिष्ट अतिथि के रूप में दर्शाया गया है।

आमंत्रण पत्र जारी होते ही एक बार फिर भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। आमंत्रण पत्र में क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं वर्तमान में कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा का नाम शामिल नहीं किए जाने से राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि जरही और प्रतापपुर मंडल क्षेत्र में होने वाले संगठनात्मक और प्रशासनिक कार्यक्रमों में पहले भी इस तरह की गुटबाजी सामने आती रही है।

सूत्रों का दावा है कि अटल परिसर लोकार्पण समारोह के आमंत्रण पत्र में रामसेवक पैकरा का नाम जानबूझकर छोड़ा गया है। चर्चा है कि क्षेत्रीय विधायक और उनके समर्थक किसी भी कार्यक्रम में पूर्व मंत्री की उपस्थिति नहीं चाहते, ताकि पुराने कार्यकर्ताओं को दोबारा सक्रिय होने का अवसर न मिले। यही कारण बताया जा रहा है कि वर्तमान मंडल कार्यकारिणी में भी पुराने कार्यकर्ताओं को संगठन में पर्याप्त स्थान नहीं दिया गया है, क्योंकि उन्हें पूर्व मंत्री के खेमे से जुड़ा माना जाता है।

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री वर्चुअल रूप से जुड़ रहे हैं और कार्यक्रम प्रशासनिक स्वरूप का है, तब नगर पंचायत के अधिकारियों द्वारा अतिथियों के चयन में राजनीतिक संतुलन क्यों नहीं रखा गया। आरोप है कि नगर पंचायत द्वारा क्षेत्रीय विधायक को प्रसन्न करने के उद्देश्य से आमंत्रण पत्र उनके अनुरूप तैयार किया गया।

पड़ोसी नगर पंचायत भटगांव से तुलना

वहीं पड़ोसी नगर पंचायत भटगांव में भी अटल परिसर का लोकार्पण प्रस्तावित है। वहां जारी आमंत्रण पत्र में क्षेत्रीय विधायक, सांसद और वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा का नाम शामिल किया गया है। ऐसे में यह सवाल और गहरा हो गया है कि जिस विधानसभा क्षेत्र से रामसेवक पैकरा स्वयं विधायक रह चुके हैं, उसी जरही नगर पंचायत में उनका नाम आमंत्रण पत्र से क्यों गायब है।

आमंत्रण पत्र सामने आने के बाद जरही क्षेत्र में भाजपा की गुटबाजी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और पार्टी के एक वर्ग में इस उपेक्षा को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग

WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें