मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के गढ़ में भाजपा को बड़ा झटका , टी.एस. सिंहदेव के दौरे में 50 भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल

हाथोर समाचार, सूरजपुर। भटगांव विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज हो गई है। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं का कांग्रेस में शामिल होना अब बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।

पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस. सिंहदेव हाल ही में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के लिए भटगांव क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे थे। इसी दौरान खोपा में आयोजित कार्यक्रम में करीब 50 भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

पहली बार विधायक बनीं, फिर मंत्री पद की मिली बड़ी जिम्मेदारी

भटगांव से पहली बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचीं लक्ष्मी राजवाड़े को सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल था। आम कार्यकर्ताओं को लग रहा था कि संगठन से निकली एक कार्यकर्ता अब मंत्री बनी हैं, इसलिए उनकी समस्याएं और सुझाव आसानी से सरकार तक पहुंच सकेंगे।

चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं से आत्मीय व्यवहार, लगातार संपर्क और सहज मुलाकात ने भाजपा को क्षेत्र में मजबूती दिलाई थी। कार्यकर्ताओं का मानना था कि पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता को बड़ा अवसर देकर संगठन की ताकत को सम्मान दिया है।

पद और शक्ति के बाद बढ़ी दूरी की चर्चा

क्षेत्र में अब यह चर्चा आम हो गई है कि सत्ता और पद मिलने के बाद धीरे-धीरे कार्यकर्ताओं और नेतृत्व के बीच दूरी बढ़ने लगी। कई कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मंत्री और उनके करीबी लोगों तक पहुंच आसान नहीं रही।

कुछ कार्यकर्ताओं का कहना है कि समस्याएं निजी स्टाफ और करीबी लोगों के भरोसे छोड़ दी गईं। फोन कॉल तक रिसीव नहीं होने की शिकायतें सामने आती रहीं। भाजपा सरकार के ढाई वर्ष बीत जाने के बाद भी कई कार्यकर्ता खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।

राजनीतिक जानकार मानते हैं कि यदि संगठन स्तर पर नाराजगी दूर नहीं हुई तो आने वाले समय में इसका असर चुनावी परिणामों पर भी पड़ सकता है।

टी.एस. सिंहदेव की सक्रियता से कांग्रेस में नई ऊर्जा

सरगुजा संभाग में टी.एस. सिंहदेव की बढ़ती सक्रियता को कांग्रेस के लिए सकारात्मक माना जा रहा है। भटगांव क्षेत्र में उनके पहले ही दौरे में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं का कांग्रेस में प्रवेश करना भाजपा संगठन के लिए चिंता का विषय बन गया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि सोशल मीडिया की लोकप्रियता और जमीनी सच्चाई में बड़ा अंतर होता है। क्षेत्र में हुए इस घटनाक्रम ने यह संकेत दिया है कि कार्यकर्ताओं की नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है।

महिला एवं बाल विकास विभाग के घोटालों की भी रही चर्चा

महिला एवं बाल विकास विभाग में चर्चित साड़ी घोटाला और सामग्री घोटाले की चर्चा भी लंबे समय तक क्षेत्र में होती रही। इन मामलों की गूंज प्रदेश स्तर पर जितनी सुनाई दी, उससे कहीं ज्यादा चर्चा भटगांव विधानसभा क्षेत्र में देखने को मिली। स्थानीय राजनीतिक माहौल में इन मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच लगातार असंतोष की बातें सामने आती रही हैं।

आने वाले चुनावों के लिए संकेत
, संगठन की नाराजगी भाजपा के लिए बन सकती है चुनौती

भटगांव क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं का समय से पहले बिखराव और कांग्रेस की ओर रुख करना आने वाले राजनीतिक समीकरणों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक जानकार इसे भाजपा के लिए चेतावनी के रूप में देख रहे हैं।

फिलहाल यह घटनाक्रम साफ संकेत दे रहा है कि भटगांव विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक स्थिति पहले जैसी नहीं रही और आने वाले समय में इसका असर क्षेत्रीय राजनीति पर दिखाई दे सकता है।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग