हाथोर समाचार,सूरजपुर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड अंतर्गत धरसेड़ी–कर्री–कुप्पी मार्ग पर लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीन सड़क एवं पुलिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की गुणवत्ता, उपयोग की गई निर्माण सामग्री तथा समूचे कार्य की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया।

मौके पर मंत्री राजवाड़े ने पाया कि मार्ग के कई हिस्सों में निर्माण मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया है और कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। सड़क की ऊपरी सतह उखड़ने, किनारों की सही ढंग से समतलीकरण नहीं होने और पुलिया के दोनों ओर मिट्टी भरान अपूर्ण रहने पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही निर्देशित किया कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरे मार्ग का पुनः निर्माण निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप कराया जाए और निर्धारित समय सीमा में कार्य हर हाल में पूरा हो। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सड़कों का बेहतर होना आमजन के दैनिक जीवन, एम्बुलेंस सेवा, बच्चों के स्कूल आने-जाने और आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में निर्माण कार्यों में कमी जनता के हितों से सीधा जुड़ा गंभीर मामला है।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, ओड़गी क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। मंत्री राजवाड़े ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।



